पटना: बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) ने इंटरमीडिएट परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों को जूता-मोजा पहनकर परीक्षा देने की अनुमति दे दी है। पहले परीक्षा में जूता-मोजा पहनने पर रोक थी, लेकिन मौजूदा ठंड के कारण बोर्ड ने 1 से 5 फरवरी तक इस नियम में ढील देने का फैसला किया है।
5 फरवरी को होगी समीक्षा
बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा 1 फरवरी से शुरू हो रही है और 5 फरवरी को इस आदेश की समीक्षा की जाएगी। एडमिट कार्ड में स्पष्ट रूप से जूता-मोजा पहनकर परीक्षा हॉल में प्रवेश वर्जित बताया गया था, लेकिन ठंड को देखते हुए अब इस पर छूट दी गई है।
बोर्ड ने जारी किए जरूरी निर्देश
बोर्ड ने परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है, जो 31 जनवरी से 15 मार्च तक काम करेगा। इस कंट्रोल रूम का संचालन सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक तीन शिफ्टों में होगा। छात्र और अभिभावक किसी भी परीक्षा संबंधी जानकारी के लिए 0612-2232257 और 0612-2232227 पर संपर्क कर सकते हैं।
समय से पहुंचना अनिवार्य
बिहार बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पहले तक ही मिलेगा।
#BSEB #BiharBoard #Bihar #InterExam2025 pic.twitter.com/0h0X3QlR6y
— Bihar School Examination Board (@officialbseb) January 29, 2025
पहली शिफ्ट के लिए सुबह 9 बजे तक
दूसरी शिफ्ट के लिए दोपहर 1:30 बजे तक
बोर्ड ने परीक्षार्थियों से भीड़ से बचने के लिए परीक्षा स्थल पर एक घंटे पहले पहुंचने की सलाह दी है। परीक्षा केंद्र के गेट समय सीमा के बाद बंद कर दिए जाएंगे, जिसके बाद किसी भी छात्र को प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी।
बिहार बोर्ड का अहम फैसला
बोर्ड का यह फैसला छात्रों के लिए राहत भरा है, खासकर ठंड के मौसम में। हालांकि, परीक्षा की निष्पक्षता और अनुशासन बनाए रखने के लिए अन्य सुरक्षा मानकों का पालन किया जाएगा।