नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के बाद प्लेटफॉर्म टिकट पर पाबंदी और सुरक्षा बढ़ी

After the stampede at New Delhi Railway Station, platform tickets were banned and security was increased

नई दिल्ली: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात हुई भगदड़ में 18 लोगों की मौत के बाद रेलवे ने कई अहम कदम उठाए हैं। सोमवार से अगले एक हफ्ते के लिए प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर समय की पाबंदी लगा दी गई है। रेलवे के एक अधिकारी के अनुसार, सोमवार शाम 4 बजे से लेकर अगले एक हफ्ते तक प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री नहीं की जाएगी। यह निर्णय बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लिया गया है। शुरुआत में प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पूरी तरह से बंद करने का फैसला लिया गया था, लेकिन बाद में इसे शाम 4 बजे से लागू करने का निर्णय लिया गया।

रेलवे अधिकारी का बयान
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) ने कहा, “भीड़ प्रबंधन के दृष्टिकोण से अगले एक सप्ताह के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री बंद करने का फैसला लिया गया है।” रविवार को रेल मंत्रालय द्वारा गठित 2 सदस्यीय समिति ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का घटनास्थल निरीक्षण किया और जांच के लिए CCTV फुटेज की जांच की। यह पाबंदी 26 फरवरी तक जारी रहेगी।

CRPF और RAF की तैनाती
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए CRPF और RAF के जवानों को तैनात किया गया है। साथ ही, RPF कर्मियों की संख्या भी बढ़ाई गई है और पुराने SGO को भी बुलाया गया है, जो पहले यहां तैनात थे। इसके अलावा, पुलिस को गश्त बढ़ाने का आदेश भी दिया गया है।

कुंभ स्पेशल ट्रेनों के लिए नया प्लेटफॉर्म
भगदड़ के बाद रेलवे ने सभी कुंभ स्पेशल ट्रेनों को अब नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 16 से संचालित करने का निर्णय लिया है। कुंभ यात्रा पर जाने वाले सभी यात्री अब अजमेरी गेट की तरफ से सीधे प्रवेश और निकास कर सकेंगे। हालांकि, रेलवे की तरफ से इस फैसले की आधिकारिक घोषणा अभी तक नहीं की गई है। इससे पहले कुंभ स्पेशल ट्रेनों के संचालन के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 14 का भी इस्तेमाल किया जा रहा था, लेकिन अब ये विशेष ट्रेनें सिर्फ प्लेटफॉर्म नंबर 16 से ही खुलेंगी।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment