पटना: बिहार के शिक्षा विभाग ने राज्य के 836 माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों को प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम श्री) योजना के तहत चुना है। इन विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 से कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई शुरू होगी। इसके साथ ही इन विद्यालयों को एक शैक्षणिक और प्रशासनिक इकाई के रूप में संचालित किया जाएगा। वर्तमान समय में इन स्कूलों में केवल कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई होती है।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिन स्कूलों का चयन पीएम श्री के तहत हुआ है, उनके नजदीकी मध्य विद्यालयों के कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों और शिक्षकों का इन स्कूलों में विलय किया जाएगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी इस कार्यवाही को अंजाम देंगे। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि विलय होने वाले मध्य विद्यालयों में यदि प्रधानाध्यापक वेतनमान के अनुसार कार्यरत हैं, तो उन्हें किसी अन्य स्थान पर ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
इसके अलावा, इन विद्यालयों के प्रधानाध्यापक के पद को प्रत्यार्पित करने का प्रस्ताव जिले द्वारा शिक्षा विभाग को भेजा जाएगा। वहीं, कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थी संबंधित मध्य विद्यालय में ही रहेंगे और उन्हें प्राथमिक विद्यालय के रूप में संचालित किया जाएगा। भविष्य में इन स्कूलों के लिए प्रधान शिक्षक के पद भी सृजित किए जाएंगे।
शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को चयनित 836 पीएम श्री स्कूलों की सूची भेज दी है और यह भी कहा है कि कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को उन्हीं के शिक्षक पढ़ाएंगे। अगर इन कक्षाओं के शिक्षकों की कमी होती है तो कक्षा 9, 10 और 11-12 के शिक्षक भी इन बच्चों को पढ़ाएंगे।
आपको बता दें कि पीएम श्री विद्यालय भारत सरकार की एक केंद्र प्रायोजित योजना है, जिसका उद्देश्य बेहतर विद्यालयों की स्थापना करना है। यह योजना राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत लागू की गई है और इन विद्यालयों को भारत सरकार तथा राज्य सरकार द्वारा विशेष मदद प्रदान की जाएगी।