भारत से तनाव के बीच पाकिस्तान को घर में घेर रहे विद्रोही, बलूचिस्तान में BLA का कहर, कई चौकियों पर कब्जे का दावा

Amid tension with India, rebels are besieging Pakistan at home, BLA wreaking havoc in Balochistan, claims to have captured many posts

इस्लामाबाद: भारत के साथ बढ़ते सैन्य तनाव के बीच पाकिस्तान को अब अपने ही देश में भीषण आंतरिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। बलूचिस्तान प्रांत में सक्रिय बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तानी सेना के खिलाफ खुले मोर्चे का ऐलान कर दिया है। ताज़ा रिपोर्टों के अनुसार, BLA ने बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में सेना की कई चौकियों पर कब्जा करने और एक गैस पाइपलाइन को उड़ाने का दावा किया है।

BLA का कहना है कि उसने पाकिस्तानी सेना को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया है, और शहर के कई हिस्सों से सेना का नियंत्रण खत्म हो चुका है। क्वेटा के फ्रंटियर कॉर्प्स मुख्यालय और अन्य प्रमुख सैन्य ठिकानों के पास भारी गोलीबारी और विस्फोटों की खबरें आ रही हैं।

यह हमला उस वक्त हुआ है जब गुरुवार रात पाकिस्तान ने भारत के जम्मू, पठानकोट, और ऊधमपुर जैसे शहरों में मिसाइल और ड्रोन हमलों की नाकाम कोशिश की थी। इसके जवाब में भारतीय सेना ने इस्लामाबाद, लाहौर और रावलपिंडी समेत कई पाकिस्तानी ठिकानों पर कड़ा जवाब दिया।

बलूचिस्तान की स्थिति तब और गंभीर हो गई जब बोलन इलाके में BLA द्वारा रिमोट IED से किए गए हमले में 12 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। बीएलए के मीडिया समूह ‘हक्काल’ ने इस हमले का वीडियो भी जारी किया है, जिससे पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा और सैन्य तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

इधर, पाकिस्तान को खैबर-पख्तूनख्वा में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के हमलों का भी सामना करना पड़ रहा है। TTP के लगातार हमलों में कई पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो चुकी है।

एक साथ कई मोर्चों पर संकट झेल रहे पाकिस्तान के लिए यह हालात अंतरराष्ट्रीय दबाव और घरेलू अव्यवस्था दोनों को और बढ़ा सकते हैं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment