नई दिल्ली: इजरायल-ईरान जंग में बढ़ा तनाव, ईरान ने अमेरिका को दी सख्त चेतावनी

New Delhi: Tension increased in Israel-Iran war, Iran gave strict warning to America

नई दिल्ली: इजरायल और ईरान के बीच बीते शुक्रवार से भीषण जंग छिड़ी हुई है। इजरायल के लड़ाकू विमानों ने ईरान में जबरदस्त बमबारी की है और सैकड़ों ठिकानों को निशाना बनाकर भारी तबाही मचाई है। जवाबी कार्रवाई में ईरान ने भी इजरायल के प्रमुख शहरों पर मिसाइल हमले किए हैं, जिससे बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है।

इस संघर्ष के बीच यह अटकलें तेज हो गई हैं कि अमेरिका इजरायल का समर्थन करते हुए युद्ध में उतर सकता है। इन अटकलों के बीच ईरान ने अमेरिका को सख्त चेतावनी दी है।

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघई ने अमेरिका को चेताते हुए कहा है कि यदि अमेरिका ने इस संघर्ष में कोई हस्तक्षेप किया, तो यह क्षेत्रीय संघर्ष एक “पूर्ण युद्ध” में बदल जाएगा। उनका कहना है कि अमेरिकी हस्तक्षेप से हालात बेकाबू हो सकते हैं।

शुरुआत में अमेरिका ने खुद को इस युद्ध से अलग रखने का संकेत दिया था, लेकिन अब पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जंग में शामिल होने का संकेत दे दिया है। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ युद्धविराम नहीं, उससे कहीं अधिक चाहते हैं। अमेरिका ने क्षेत्र में और अधिक लड़ाकू विमान तैनात कर दिए हैं।

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की सरकार से बिना शर्त सरेंडर की मांग करते हुए दावा किया कि उन्हें अयातुल्ला खामेनेई की लोकेशन की जानकारी है। ट्रंप ने कहा, “हमें पता है कि तथाकथित ‘सुप्रीम लीडर’ कहां छिपे हुए हैं। वह आसान निशाना हैं, लेकिन फिलहाल हम उन्हें खत्म नहीं करने जा रहे।”

वहीं, वॉशिंगटन स्थित एक ईरानी मानवाधिकार संगठन के अनुसार, अब तक ईरान में 239 नागरिकों समेत 585 लोगों की मौत हो चुकी है और 1,300 से ज्यादा लोग घायल हैं। दूसरी ओर, ईरान ने इजरायल पर 400 से अधिक मिसाइलें और सैकड़ों ड्रोन दागे हैं, जिनमें कम से कम 24 इजरायली नागरिकों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं।

स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है और पूरी दुनिया की निगाहें अब इस संघर्ष पर टिकी हुई हैं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment