अमेरिका में एक और हिंदू मंदिर पर हमला: यूटा के इस्कॉन राधा-कृष्ण मंदिर पर 20-30 राउंड फायरिंग, भारी नुकसान

Another Hindu temple attacked in America: 20-30 rounds of firing on ISKCON Radha-Krishna temple in Utah, heavy damage

वाशिंगटन: अमेरिका में एक बार फिर हिंदू धार्मिक स्थल को निशाना बनाया गया है। इस बार हमला यूटा राज्य के स्पेनिश फोर्क में स्थित विश्व प्रसिद्ध इस्कॉन श्री श्री राधा कृष्ण मंदिर पर हुआ है। जानकारी के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने रात के समय मंदिर परिसर पर 20 से 30 राउंड फायरिंग की, जिससे मंदिर को गंभीर क्षति पहुंची।

यह मंदिर अपने वार्षिक होली महोत्सव के लिए दुनियाभर में जाना जाता है। हमले के समय मंदिर में भक्त और अतिथि मौजूद थे। हालांकि, अभी तक किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। मंदिर की इमारत और आस-पास की संपत्ति को हजारों डॉलर का नुकसान हुआ है। खास तौर पर हाथ से नक्काशी किए गए मेहराबों को भारी क्षति पहुंची है।

भारतीय महावाणिज्य दूतावास और समुदाय की तीखी प्रतिक्रिया
सैन फ्रांसिस्को स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए बयान में कहा गया,
“हम यूटा के स्पेनिश फोर्क में इस्कॉन श्री श्री राधा कृष्ण मंदिर में हुई गोलीबारी की घटना की कड़ी निंदा करते हैं। हम भक्तों और समुदाय के साथ हैं और स्थानीय प्रशासन से हमलावरों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हैं।”

कैलिफोर्निया में पहले भी हुआ था मंदिर पर हमला
मंदिर अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले 9 मार्च 2025 को कैलिफोर्निया के चिनो हिल्स स्थित BAPS स्वामीनारायण मंदिर में भी इसी तरह की घटना हुई थी। इसके कुछ ही दिन बाद लॉस एंजिल्स में तथाकथित ‘खालिस्तानी जनमत संग्रह’ आयोजित किया गया था, जिससे इन घटनाओं के पीछे एक संगठित साजिश की आशंका जताई जा रही है।

BAPS अमेरिका की आधिकारिक वेबसाइट पर साझा किए गए बयान में कहा गया,
“चिनो हिल्स मंदिर के अपमान के बावजूद हिंदू समुदाय घृणा के खिलाफ एकजुट है। हम शांति और करुणा बनाए रखेंगे।”

CoHNA ने जताई साजिश की आशंका
कोएलिशन ऑफ हिंदूज़ ऑफ नॉर्थ अमेरिका (CoHNA) ने इस घटना को बढ़ती हिंदू विरोधी गतिविधियों से जोड़ते हुए इसे ‘खालिस्तान जनमत संग्रह’ से पहले की साजिश बताया। CoHNA ने कहा,
“एक और हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ हुई है — इस बार प्रतिष्ठित BAPS चिनो हिल्स मंदिर में। यह कोई संयोग नहीं है कि यह हमला खालिस्तान जनमत संग्रह के आस-पास हुआ है।”

CoHNA ने 2022 से अब तक अमेरिका में हुए अन्य मंदिर हमलों की सूची भी साझा की और मामले की गंभीर और निष्पक्ष जांच की मांग की।

हिंदू समुदाय में भय का माहौल
गौरतलब है कि पिछले साल 25 सितंबर 2024 को भी सैक्रामेंटो, कैलिफोर्निया में स्थित BAPS श्री स्वामीनारायण मंदिर पर हमला हुआ था। इससे पहले न्यूयॉर्क में भी इसी संस्था के मंदिर को निशाना बनाया गया था। इन घटनाओं में मंदिर की दीवारों पर “हिंदुओं वापस जाओ” जैसे भड़काऊ संदेश भी लिखे गए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं से अमेरिका में बसे हिंदू समुदाय में चिंता और असुरक्षा का माहौल गहराता जा रहा है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment