नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार सुबह एक बार फिर दक्षिणी दिल्ली के वसंत वैली स्कूल और द्वारका के सेंट थॉमस स्कूल को ईमेल के जरिए धमकी भरे संदेश मिले। यह लगातार तीसरा दिन है जब दिल्ली के स्कूलों को इस तरह की धमकी मिली है। पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों स्कूलों को एहतियातन खाली करवा लिया।
सुबह-सुबह ईमेल के जरिए भेजी गई धमकी
पुलिस के अनुसार, धमकी भरे ईमेल सुबह 5:30 से 6:15 के बीच मिले। इन ईमेल में स्कूलों को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। साथ ही डॉग स्क्वायड और अन्य जांच एजेंसियां स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ले रही हैं।
अब तक नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान
अब तक की तलाशी में किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ जांच में जुटी हुई हैं। दिल्ली पुलिस ने वसंत वैली और सेंट थॉमस स्कूल को मिली धमकियों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी देने वाले ईमेल कहां से और किसके द्वारा भेजे गए हैं। इसके लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।
स्कूल प्रशासन ने भी बढ़ाई सुरक्षा
स्कूल प्रशासन ने पुलिस के साथ मिलकर छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया शांतिपूर्वक पूरी की गई।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
इससे पहले भी इसी महीने दक्षिण दिल्ली के इंडियन पब्लिक स्कूल और उत्तर-पश्चिम दिल्ली के क्रिसेंट पब्लिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। 7 फरवरी को भी पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेस-1 स्थित अल्कॉन पब्लिक स्कूल को इसी तरह की धमकी मिली थी।
देशभर में फैला है डर का माहौल
दिल्ली ही नहीं, देश के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जुलाई में गुजरात और जून में मुंबई के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं, जिससे बच्चों, अभिभावकों और स्कूल प्रशासन के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है। दिल्ली पुलिस ने सभी मामलों में जांच तेज कर दी है।