नई दिल्ली: संसद भवन में सुरक्षा चूक, दीवार फांदकर घुसा संदिग्ध शख्स, मौके पर पकड़ा गया

New Delhi: Security lapse in Parliament House, suspicious person entered by jumping over the wall, caught on the spot

नई दिल्ली: शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे संसद भवन परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात संदिग्ध व्यक्ति दीवार फांदकर अंदर घुस आया।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी शख्स ने रेल भवन की ओर से पेड़ का सहारा लेकर दीवार पार की और नई संसद भवन के गरुड़ द्वार तक पहुंच गया। यह संसद सुरक्षा में एक गंभीर चूक मानी जा रही है।

जैसे ही परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मियों की नजर उस पर पड़ी, तुरंत कार्रवाई की गई और संदिग्ध को मौके पर ही दबोच लिया गया।

अब बड़ा सवाल: क्या थी उसकी मंशा?
संदिग्ध के इरादों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। क्या वह किसी साजिश के तहत संसद में घुसा था या फिर किसी मानसिक दबाव में यह कदम उठाया? इन तमाम पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

पूछताछ शुरू, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
फिलहाल आरोपी को संसद सुरक्षा बल के हवाले रखा गया है और कुछ देर बाद उसे लोकल पुलिस को सौंपा जाएगा। इसके साथ ही स्पेशल सेल और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की टीमें भी उससे संयुक्त रूप से पूछताछ करेंगी।

गौरतलब है कि इससे पहले भी संसद भवन की सुरक्षा में चूक के मामले सामने आ चुके हैं। इस घटना ने संसद की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment