किशनगंज जिले के बहादुरगंज विधानसभा क्षेत्र में एआईएमआईएम नेताओं के बीच तनाव अब खुलकर सामने आने लगा है। पांचवीं बार विधायक बने तौसीफ आलम ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमान को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि उनकी जीत का अख्तरुल इमान से कोई लेना-देना नहीं है। उनके इस बयान ने पार्टी की आंतरिक राजनीति में उबाल ला दिया है।
तौसीफ आलम ने कहा कि बहादुरगंज की जनता ने उन पर जो अटूट भरोसा जताया है, उसका कर्ज वह कभी उतार नहीं सकते। उन्होंने कहा कि जनता का यह एहसान इतना बड़ा है कि यदि वह उनके जूते-चप्पल भी उठा लें तो भी कम है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनकी लगातार जीत का श्रेय न तो अख्तरुल इमान को जाता है और न ही उसमें उनका कोई योगदान है।
विधायक तौसीफ आलम ने यह भी दावा किया कि बिहार में एआईएमआईएम को मिली सफलता का आधार राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की रणनीति और नेतृत्व है, न कि अख्तरुल इमान का प्रभाव। उनके इस बयान से यह साफ संकेत मिलता है कि दोनों नेताओं के बीच मतभेद अब गहराते जा रहे हैं।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि तौसीफ आलम और अख्तरुल इमान के बीच विचारों का टकराव लंबे समय से चल रहा था, जो अब सार्वजनिक रूप से सामने आ गया है। तौसीफ का यह बयान एआईएमआईएम की बिहार इकाई में नए राजनीतिक समीकरण खड़े कर सकता है।