बिहार में बालू और जमीन माफियाओं के खिलाफ अब कठोर कदम उठाए जाएंगे। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा हाल ही में दिए गए निर्देश के बाद आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने ठोस कार्रवाई के लिए एक विशेष कार्य दल (स्पेशल टास्क फोर्स) का गठन कर दिया है। यह दल EOU के डीआईजी मानवजीत सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में काम करेगा।
डीआईजी के नेतृत्व में गठित हुई टास्क फोर्स
स्पेशल टास्क फोर्स को बालू के अवैध उत्खनन, बालू एवं भू माफियाओं की आपराधिक गतिविधियों और उनकी अवैध संपत्ति की जांच का जिम्मा दिया गया है। यह टीम वित्तीय अनुसंधान करेगी कि माफियाओं ने इतनी बड़ी संपत्ति हासिल कैसे की।
इस दल में डीआईजी के साथ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, आर्थिक अपराध इकाई के चार डीएसपी और पाँच इंस्पेक्टरों को शामिल किया गया है। यह टीम कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ संबंधित विभागों, विभिन्न एजेंसियों और जिला प्रशासन से समन्वय करते हुए आगे कदम उठाएगी।
शिकायत के लिए जारी हुआ मोबाइल नंबर
उपमुख्यमंत्री और डीजीपी की हाई लेवल बैठक के बाद आर्थिक अपराध इकाई को कड़ा अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत EOU ने बालू और जमीन माफियाओं से संबंधित शिकायतों के लिए एक मोबाइल नंबर जारी किया है।
शिकायत नंबर: 9031829072
इस नंबर पर लोग अवैध खनन या माफियाओं की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी या शिकायत दर्ज करा सकते हैं।