अगर आप अपनी पहली नौकरी शुरू करने जा रहे हैं या रोजगार की तलाश में हैं, तो यह खबर आपके लिए राहत भरी है। केंद्र सरकार अब पहली बार नौकरी करने वाले युवाओं को आर्थिक सहायता देने जा रही है। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने जानकारी दी है कि ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ (PMVRY) के तहत पात्र कर्मचारियों को 15,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मंत्रालय ने युवाओं से इस योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदन करने की अपील की है।
किसे मिलेगा 15 हजार रुपये का लाभ
मंत्रालय के अनुसार, इस योजना का लाभ केवल उन्हीं युवाओं को मिलेगा जो पहली बार नौकरी ज्वाइन कर रहे हैं और जिनका पहली बार EPFO (कर्मचारी भविष्य निधि संगठन) में रजिस्ट्रेशन होगा। नौकरी शुरू होते ही जैसे ही कर्मचारी का पीएफ खाता खुलता है और वह आधार से लिंक हो जाता है, वह इस योजना के लिए पात्र बन जाता है। लाभ लेने के लिए उम्मीदवार pmvry.labour.gov.in वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। पूरी प्रक्रिया डिजिटल है और इसे घर बैठे पूरा किया जा सकता है।
पुराने कर्मचारियों के लिए भी राहत
जहां सरकार नए कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि दे रही है, वहीं पुराने EPFO सदस्यों के लिए भी पीएफ से पैसा निकालना अब पहले से आसान कर दिया गया है। नए नियमों के तहत शादी, घर खरीदने या मरम्मत, बच्चों की पढ़ाई और बीमारी के इलाज जैसी जरूरतों के लिए पीएफ निकासी की सुविधा सरल बना दी गई है। इसके अलावा, खबर है कि EPFO जल्द ही एटीएम कार्ड के जरिए पीएफ निकासी की सुविधा शुरू कर सकता है, जिससे खाताधारकों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
नौकरी छूटने या शादी पर कितनी निकासी संभव
नियमों के मुताबिक, अगर किसी कर्मचारी की नौकरी छूट जाती है तो वह तुरंत अपने कुल पीएफ जमा का 75 फीसदी हिस्सा निकाल सकता है। अगर वह लगातार 12 महीने तक बेरोजगार रहता है, तो शेष 25 फीसदी राशि भी निकालकर खाता बंद किया जा सकता है।
वहीं, शादी के लिए 7 साल की सेवा पूरी होने पर जमा राशि का 50 फीसदी तक निकाला जा सकता है। बीमारी के इलाज के मामले में नियम और भी आसान हैं—इसके लिए किसी न्यूनतम सेवा अवधि की शर्त नहीं है और कर्मचारी पूरी जमा राशि या 6 महीने की सैलरी के बराबर रकम निकाल सकता है।
कुल मिलाकर, सरकार की यह पहल युवाओं को रोजगार की ओर प्रोत्साहित करने के साथ-साथ EPFO सदस्यों को बड़ी राहत देने वाली मानी जा रही है।