नई दिल्ली: सिंगापुर की एक कोरोनर कोर्ट में बुधवार को मशहूर भारतीय गायक और गीतकार जुबीन गर्ग की मौत को लेकर अहम और चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। जांच अधिकारियों ने कोर्ट को बताया कि सितंबर 2025 में लाजरस आइलैंड के पास डूबने से पहले जुबीन गर्ग अत्यधिक नशे में थे और उन्होंने लाइफ जैकेट पहनने से साफ इनकार कर दिया था।
52 वर्षीय सिंगर 19 सितंबर 2025 को एक यॉट पार्टी में शामिल हुए थे, जहां यह दर्दनाक हादसा हुआ। उन्हें अगले दिन सिंगापुर में आयोजित होने वाले ‘नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल’ में परफॉर्म करना था।
लाइफ जैकेट उतारने के बाद बिगड़ी स्थिति
चैनल न्यूज एशिया की रिपोर्ट के अनुसार, मुख्य जांच अधिकारी ने कोर्ट को बताया कि जुबीन गर्ग ने शुरुआत में लाइफ जैकेट पहनी थी, लेकिन कुछ समय बाद उसे खुद ही उतार दिया। बाद में जब उन्हें दूसरी जैकेट दी गई, तो उन्होंने उसे पहनने से मना कर दिया।
गवाहों के मुताबिक, उस समय वे नशे की हालत में थे। कई लोगों ने उन्हें यॉट की ओर तैरने की कोशिश करते हुए देखा, लेकिन इसी दौरान वे अचानक बेहोश हो गए और उनका चेहरा पानी में डूब गया।
मिर्गी की बीमारी और दवा को लेकर सवाल
हादसे के तुरंत बाद उन्हें यॉट पर वापस लाया गया, जहां सीपीआर दिया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका और उसी दिन मृत घोषित कर दिया गया। कोर्ट को यह भी बताया गया कि जुबीन गर्ग को हाइपरटेंशन और मिर्गी (एपिलेप्सी) की पुरानी बीमारी थी। वर्ष 2024 में उन्हें आखिरी बार मिर्गी का दौरा पड़ा था।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि हादसे वाले दिन उन्होंने अपनी नियमित दवाएं ली थीं या नहीं, क्योंकि चश्मदीदों के बयान इस निष्कर्ष के लिए पर्याप्त नहीं पाए गए। सिंगापुर पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में किसी भी तरह की साजिश या गड़बड़ी की आशंका से इनकार किया है।
गवाहों का दावा—कई तरह की शराब का सेवन
इस मामले की जांच के लिए कुल 35 गवाहों को बुलाया गया है, जिनमें यॉट पर मौजूद लोग, नाव का कैप्टन, पुलिस अधिकारी और पैरामेडिक्स शामिल हैं। जांच अधिकारियों के अनुसार, पार्टी में जुबीन गर्ग समेत करीब 20 लोग मौजूद थे, जहां स्नैक्स के साथ शराब परोसी गई थी।
कई गवाहों ने पुष्टि की कि सिंगर ने काफी मात्रा में शराब पी थी। एक गवाह के अनुसार, उन्होंने वाइन, जिन और व्हिस्की के साथ-साथ गिनीज स्टाउट का भी सेवन किया था।