वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़े सैन्य हमले की चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा है कि यदि हमला हुआ तो वह पिछली कार्रवाई से कहीं ज्यादा बड़ा और प्रभावी होगा। इसी बीच अमेरिका ने अपने अत्याधुनिक विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन को हिंद महासागर में तैनात कर दिया है, जो धीरे-धीरे ईरान के करीब बढ़ रहा है।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूएसएस अब्राहम लिंकन कैरियर स्ट्राइक ग्रुप सोमवार को हिंद महासागर में दाखिल हुआ और ईरान के नजदीकी क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है। यह पोत ईरान के खिलाफ किसी भी संभावित सैन्य ऑपरेशन में अहम भूमिका निभा सकता है, चाहे वह हमलों का समर्थन हो या फिर ईरान की ओर से संभावित जवाबी कार्रवाई से क्षेत्रीय सहयोगियों की सुरक्षा।
सूत्रों के हवाले से यह भी बताया गया है कि इस महीने की शुरुआत में अमेरिका और ईरान के बीच संदेशों का आदान-प्रदान हुआ था। यह संवाद ओमानी राजनयिकों के माध्यम से और ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ तथा ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के बीच हुआ। बातचीत में संभावित अमेरिकी हमले को टालने के लिए एक बैठक के विकल्प पर भी चर्चा की गई थी। यह वही हमला बताया जा रहा है, जिसकी धमकी ट्रंप ने हाल ही में प्रदर्शनकारियों की मौत के बाद दी थी।
तनाव के बीच अमेरिका ने क्षेत्र में अपनी सैन्य तैयारियां भी तेज कर दी हैं। एक अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, यूएस सेना अतिरिक्त एयर डिफेंस सिस्टम, जिनमें पैट्रियट मिसाइल बैटरियां शामिल हैं, तैनात कर रही है ताकि ईरान के संभावित जवाबी हमलों से अमेरिकी बलों को सुरक्षित रखा जा सके। अमेरिकी मीडिया का यह भी दावा है कि इलाके में एक या उससे अधिक थाड (THAAD) मिसाइल डिफेंस सिस्टम भी लगाए गए हैं।
इस बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड के एएफसीईएनटी कमांडर और कंबाइंड फोर्सेज एयर कंपोनेंट कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल डेरेक फ्रांस ने बयान जारी कर कहा कि अमेरिकी वायुसेना मध्य पूर्व में कई दिनों तक हवाई अभ्यास करने जा रही है। उन्होंने कहा कि इन अभ्यासों का उद्देश्य यह दिखाना है कि अमेरिकी एयरमैन कठिन परिस्थितियों में भी सुरक्षित और प्रभावी ढंग से अपने सहयोगी देशों के साथ तालमेल बनाकर काम कर सकते हैं।
उधर, राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ सोशल’ पर चेतावनी देते हुए लिखा कि अमेरिकी फ्लीट ईरान की ओर बढ़ रहा है और इसकी अगुवाई यूएसएस अब्राहम लिंकन कर रहा है, जो पूरी ताकत, तेज़ी और स्पष्ट उद्देश्य के साथ आगे बढ़ रहा है।