बिहार: होली से पहले अवैध शराब पर सख्ती, बोलेरो से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त

Bihar: Crackdown on illegal liquor before Holi, huge quantity of foreign liquor seized from Bolero

बिहार: रंगों का त्योहार होली 4 मार्च को मनाया जाएगा। जहां एक ओर कुछ लोग इस पर्व पर भांग का सेवन करते हैं, वहीं शराबबंदी लागू होने के बावजूद बिहार में कुछ लोग अवैध तरीके से शराब का इंतजाम करने की कोशिश करते हैं। त्योहार के मद्देनज़र शराब तस्कर भी पहले से सक्रिय हो जाते हैं और अन्य राज्यों से शराब मंगाकर खपाने की तैयारी करते हैं। हाल के दिनों में राज्य में शराब की बड़ी खेप पकड़े जाने से यह साफ हुआ है कि होली को देखते हुए दूसरे प्रदेशों से अवैध शराब बिहार लाई जा रही है।

इसे लेकर पुलिस और मद्य निषेध विभाग पूरी तरह सतर्क है। उत्पाद विभाग की टीमें लगातार सघन छापेमारी अभियान चला रही हैं, वहीं पुलिस द्वारा व्यापक वाहन जांच भी की जा रही है। इसी क्रम में कई शराब तस्कर पकड़े गए हैं और देशी-विदेशी शराब की खेप बरामद की गई है।

जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया के निर्देश पर चल रही कार्रवाई के दौरान एक महिंद्रा बोलेरो से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की गई।

सहायक आयुक्त मद्यनिषेध रजनीश को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से बोलेरो के जरिए विदेशी शराब भोजपुर होते हुए हाजीपुर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर निरीक्षक प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई।

13 फरवरी 2026 को बक्सर-पटना फोरलेन पर दौलतपुर ओवरब्रिज के पास (थाना-आरा मुफस्सिल, जिला-भोजपुर) वाहन जांच के दौरान बोलेरो (नंबर BR01PF-0585) को रोका गया। तलाशी में वाहन के भीतर बनाए गए गुप्त तहखाने से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद हुई।

जब्त शराब में Officer’s Choice व्हिस्की की 180 एमएल की कुल 1008 बोतलें शामिल हैं, जिसकी कुल मात्रा 181.440 लीटर बताई गई है। बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।

मौके से बोलेरो चालक गणेश कुमार (नारायणपुर डेढ़पुरा, थाना-महनार, जिला-वैशाली) और उसके साथी रवि शंकर कुमार को गिरफ्तार कर न्यायालय को सौंप दिया गया है। छापेमारी दल में निरीक्षक प्रकाश चंद्र, एएसआई रवि कुमार, एएसआई राजकुमार राजा सहित मद्यनिषेध सिपाही, सैप और होमगार्ड के जवान शामिल थे।

मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और त्योहारों के दौरान विशेष सख्ती बरती जाएगी।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment