वाराणसी: अग्रिम जमानत याचिका पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई, अविमुक्तेश्वरानंद ने रखी सफाई

Varanasi: Hearing on anticipatory bail plea in High Court today, Avimukteshwarananda gave clarification

वाराणसी: यौन उत्पीड़न के आरोपों में घिरे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की ओर से दायर अग्रिम जमानत याचिका पर आज इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है। इससे पहले स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखते हुए आरोपों को निराधार बताया और कहा कि जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी। इस दौरान उन्होंने आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज पर भी तीखी टिप्पणी की।

मीडिया से बातचीत में अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा, “हम लोगों को भी अपनी बात रखने का अधिकार है। हमने न्यायालय में अपना पक्ष रखा है और उम्मीद है कि कोर्ट अपने विवेक से निर्णय देगा। विरोधी पक्ष की ओर से न्याय को प्रभावित करने की कोशिश हो सकती है, लेकिन झूठ ज्यादा समय तक नहीं टिकता। धीरे-धीरे सच्चाई सामने आ रही है और लोगों को वास्तविकता समझ में आ जाएगी।”

सुनवाई को लेकर उन्होंने कहा कि उनके अधिवक्ता अदालत में सभी आवश्यक साक्ष्य प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने मेडिकल रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतने समय बाद कराई गई जांच का क्या औचित्य है और किस आधार पर उनकी संलिप्तता जोड़ी जा रही है। उनका कहना था कि जिस बच्चे के कभी उनके पास आने तक की बात साबित नहीं है, उससे उनका नाम जोड़ना आसान नहीं होगा।

अविमुक्तेश्वरानंद ने यह भी आरोप लगाया कि बच्चे इस समय आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज के साथ रह रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि बच्चों को होटल में क्यों रखा गया है और उन्हें पत्रकारों से मिलने की अनुमति क्यों नहीं दी जा रही। साथ ही पुलिस की भूमिका पर भी प्रश्न उठाते हुए कहा कि यदि किसी के पास ठोस सबूत हैं तो उन्हें अदालत में पेश किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “अगर कोई प्रमाण है तो उसे सार्वजनिक किया जाए। केवल आरोप लगाने से सच्चाई स्थापित नहीं होती। अंततः अदालत में ही सब स्पष्ट होगा।”

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment