मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, 11 लोगों की जलकर मौत

Horrific Road Accident in Mirzapur: 11 People Burn to Death

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा नेशनल हाईवे-135 पर ड्रमंडगंज घाटी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने कई वाहनों को पीछे से टक्कर मार दी, जिसके बाद आग लग गई।

पुलिस के मुताबिक, रात करीब 8:20 बजे थाना ड्रमंडगंज क्षेत्र के बड़का घुमान के पास ट्रक (एमपी 15 एचए 3775) ने स्विफ्ट कार (यूपी 65 एमटी 4038), बोलेरो (यूपी 63 एसी 5589) और एक ट्रेलर (बीआर 24 जीसी 7990) को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो और स्विफ्ट कार में तुरंत आग लग गई।

हादसे में बोलेरो सवार 9 लोगों, जिनमें 4 बच्चे शामिल हैं, और ट्रक चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। सभी शव बुरी तरह झुलस गए। वहीं, स्विफ्ट कार चालक का शव वाहन में फंस गया था, जिसे बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग के देर से पहुंचने पर नाराजगी जताई। क्षेत्राधिकारी लालगंज और थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज समेत कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद रही।

प्रारंभिक जांच में ट्रक का ब्रेक फेल होना हादसे की वजह माना जा रहा है, जिसके कारण वाहनों में टक्कर के बाद आग लग गई। हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ड्रमंडगंज घाटी में आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सड़क की खामियों को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment