कोलकाता/चेन्नई — पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में होने वाले चुनाव के तहत पहले चरण में 152 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं, जबकि तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहा है।
सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगी। दोनों राज्यों में प्रमुख राजनीतिक दलों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की अगुवाई वाली टीएमसी के सामने सत्ता बरकरार रखने की चुनौती है, वहीं भाजपा भी राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में है। दूसरी ओर, तमिलनाडु में एम.के. स्टालिन के नेतृत्व में सरकार बनाए रखने की राह आसान नहीं मानी जा रही है।
मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल समेत उत्तर और मध्य भारत में लू चलने की चेतावनी जारी की है। ऐसे में माना जा रहा है कि मतदाता सुबह और शाम के समय अधिक संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंच सकते हैं, जबकि दोपहर में गर्मी के कारण मतदान प्रतिशत प्रभावित हो सकता है।
तमिलनाडु में इस बार 5.73 करोड़ से अधिक मतदाता 4,023 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। वहीं, पश्चिम बंगाल के पहले चरण में 16 जिलों की 152 सीटों पर 1,478 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां 3.60 करोड़ से ज्यादा मतदाता करीब 44,376 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 1.84 करोड़ पुरुष, 1.75 करोड़ महिलाएं और 465 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को निर्देश दिया है कि वे मतदान के दिन सुबह 6 बजे से मतदान समाप्ति तक अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से बाहर नहीं जाएं।
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 2 मई को की जाएगी।