चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करने वाली टीवीके (तमिलगा वेत्त्री कज़गम) को लेकर राज्य में सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी प्रमुख थलापति विजय आज राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने टीवीके को समर्थन देने का फैसला किया है। हालांकि इसके बदले कांग्रेस ने दो मंत्री पदों की मांग रखी है। तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी (TNCC) कार्यालय में आज अहम बैठक प्रस्तावित है, जिसके बाद कांग्रेस के पांच विधायक विजय से मुलाकात कर समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंप सकते हैं।
इधर, DMK (द्रविड़ मुनेत्र कड़गम) कांग्रेस के इस कदम से नाराज हो गई है। DMK ने कांग्रेस पर “गद्दारी” का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि इसका असर 2029 के लोकसभा चुनावों में देखने को मिलेगा।
वहीं, AIADMK के भीतर भी हलचल तेज है। पार्टी के कुछ विधायकों ने महासचिव एडप्पाडी के. पालनिस्वामी से टीवीके को बाहर से समर्थन देने की मांग की है, जिस पर आज फैसला लिया जा सकता है।
इसके अलावा, वामपंथी दलों ने समर्थन पर निर्णय लेने के लिए 8 मई तक का समय मांगा है। दूसरी ओर IUML के दो विधायकों ने DMK गठबंधन के साथ बने रहने का फैसला किया है।