- रिपोर्ट: स्निग्धा श्रीवास्तव
नई दिल्ली : Central Board of Secondary Education की 12वीं कक्षा की ऑनलाइन स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली में बड़ी लापरवाही सामने आई है। री-इवेल्यूशन के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को बोर्ड की ओर से जो स्कैन कॉपियां भेजी जा रही हैं, उनमें कई मामलों में अंदर के पन्नों पर किसी दूसरे छात्र की लिखावट पाई गई है। हालांकि कॉपी के बाहर नाम और रोल नंबर सही हैं, लेकिन उत्तर किसी और के लिखे हुए हैं। इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया है और बोर्ड की मूल्यांकन प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गई है।
वेदांत नाम के छात्र के बाद अब संजना नाम की छात्रा ने भी इस गड़बड़ी का दावा किया है। संजना को केमिस्ट्री के थ्योरी पेपर में 70 में से सिर्फ 11 अंक मिले थे, जिसके बाद उन्होंने री-इवेल्यूशन के लिए आवेदन किया। स्कैन कॉपी मिलने पर उन्होंने पाया कि अंदर की लिखावट उनकी नहीं है। छात्रा ने अपनी अंग्रेजी की उत्तर पुस्तिका साझा कर हैंडराइटिंग का अंतर भी दिखाया है। संजना का कहना है कि उन्होंने बोर्ड को ईमेल किया, लेकिन हेल्पलाइन नंबर पर कोई जवाब नहीं मिला।
इससे पहले शाहदरा के छात्र वेदांत श्रीवास्तव ने भी फिजिक्स की उत्तर पुस्तिका में इसी तरह की गड़बड़ी का आरोप लगाया था। उनकी कॉपी के पहले पन्ने पर जानकारी सही थी, लेकिन अंदर के जवाब किसी और छात्र के लिखे हुए थे। वेदांत के भाई सिद्धांत ने बताया कि सोशल मीडिया पर शिकायत उठाने के बाद उन्हें ट्रोल भी किया गया। बाद में सीबीएसई ने जांच में गलती स्वीकार करते हुए वेदांत को उनकी असली उत्तर पुस्तिका उपलब्ध कराई।
छात्रों ने मार्किंग प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। एक छात्रा ने आरोप लगाया कि अंग्रेजी और गणित के एमसीक्यू प्रश्नों में उसे आधा अंक दिया गया, जबकि नियम के अनुसार ऐसे सवालों में पूरा अंक या शून्य ही दिया जाता है। इसके अलावा धुंधली स्कैन कॉपियां भेजने और री-इवेल्यूशन फीस अधिक दिखाने के आरोप भी सामने आए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने तकनीकी गड़बड़ियों की जांच के आदेश दिए हैं। जांच के लिए Indian Institute of Technology Madras और Indian Institute of Technology Kanpur के विशेषज्ञों की टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह टीम सीबीएसई की री-इवेल्यूशन प्रणाली की जांच कर खामियों को दूर करने और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने में मदद करेगी।