राष्ट्र प्रथम का भाव जगाए युवा, तभी बनेगा सशक्त भारत : रामदत्त चक्रधर

राष्ट्र प्रथम का भाव जगाए युवा, तभी बनेगा सशक्त भारत : रामदत्त चक्रधर

हाजीपुर (वैशाली)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में शनिवार को वैशाली जिले के आर.एन. कॉलेज, हरिपुर के सभागार में “युवा शक्ति समागम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह रामदत्त चक्रधर ने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान करते हुए कहा कि “राष्ट्र प्रथम का भाव ही सशक्त और वैभवशाली भारत की नींव है।”

कार्यक्रम की अध्यक्षता शहर के प्रख्यात चिकित्सक डॉ. प्रभात कुमार ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि युवाओं को अपने नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहना होगा। राष्ट्र की प्रगति और विकास में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

मुख्य वक्ता रामदत्त चक्रधर ने कहा कि राष्ट्र को मजबूत बनाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवा शक्ति की है। युवाओं में संयम, उदारता, चरित्रवानता, गुणवानता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब युवा विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करेंगे, तभी भारत वैभवशाली और शक्तिशाली राष्ट्र बनेगा।

उन्होंने युवाओं को नागरिक कर्तव्यों का बोध कराते हुए कहा कि छोटे-छोटे राष्ट्रीय हित के कार्यों के माध्यम से भी प्रत्येक व्यक्ति अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकता है। कथा के माध्यम से उन्होंने युवाओं, युवतियों और माताओं को समाज व राष्ट्र के प्रति अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

रामदत्त चक्रधर ने बताया कि वर्ष 1925 से संघ की शाखाओं में निरंतर नए प्रयोग और विभिन्न प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से सामान्य जन में असाधारण कार्यशक्ति और संस्कार विकसित करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शाखा में आने से “इदं राष्ट्रायः स्वाहा, इदं न मम्” अर्थात राष्ट्र सर्वोपरि का भाव जागृत होता है, जिसकी आज सबसे अधिक आवश्यकता है।

कार्यक्रम से पूर्व उपस्थित सभी लोगों को पंच परिवर्तन पर आधारित दस संकल्प दिलाए गए। समापन भारत माता की स्तुति और राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

कार्यक्रम का संचालन सुजीत कुमार ने किया, जबकि अधिकारियों का परिचय जिला कार्यवाह दिलीप जी ने कराया। इस अवसर पर विभाग सहसंघचालक शंभूनाथ जी, सह जिला संघचालक प्रहलाद चौरसिया, नगर संघचालक सुनील जी, जिला प्रचारक राहुल जी, राकेश जी, महाविद्यालयीन विद्यार्थी प्रमुख उदय जी, लक्खी चंद जी, कल्याणी कुशवाहा, जिला सामाजिक समरसता संयोजक रूपेश कुमार सिंह, जिला संपर्क प्रमुख राजेश जी, अलका जी सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment