प्रथम वर्षगांठ पर वॉकाथॉन का आयोजन, कुलाधिपति सुरेश जैन बोले- किफायती दरों पर विश्वस्तरीय रोबोटिक उपचार देने के लिए टीएमयू प्रतिबद्ध
मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर हॉस्पिटल (टीएमयू) के एडवांस्ड रोबोटिक ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सेंटर ने अपनी स्थापना का एक वर्ष सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। इस अवसर पर आयोजित प्रथम वर्षगांठ समारोह में 100 से अधिक सफल ज्वाइंट रिप्लेसमेंट मरीजों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में केक काटकर उपलब्धि का जश्न मनाया गया और 50 मीटर वॉकाथॉन का आयोजन किया गया, जिसमें मरीजों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ टीएमयू के कुलाधिपति श्री सुरेश जैन और एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर श्री अक्षत जैन ने वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाकर किया। अपने संबोधन में कुलाधिपति श्री सुरेश जैन ने कहा कि टीएमयू का उद्देश्य अत्याधुनिक रोबोटिक तकनीक के माध्यम से मरीजों को किफायती दरों पर विश्वस्तरीय चिकित्सा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में घुटनों के दर्द से जूझ रहे मरीजों को नया जीवन और नई ऊर्जा मिल रही है।
वॉकाथॉन में संभल के कपिल ने पहला स्थान हासिल किया। चक्कर की मिलक की गीता दूसरे और बिजनौर के चंद्रपाल सैनी तीसरे स्थान पर रहे। वहीं पीतल नगरी की शीला को उनके अदम्य साहस और प्रेरणादायी जीवन यात्रा के लिए प्रेरक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब टीएमयू के रोबोटिक ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सेंटर की पहली सफल मरीज चंद्रवती ने मंच से अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि सर्जरी के बाद उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है और अब वह बिना दर्द के सामान्य जीवन जी रही हैं।
शाहजहांपुर, बिजनौर, बदायूं, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, धामपुर, नैनीताल और हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 100 से अधिक मरीजों ने भी रोबोटिक सर्जरी के बाद अपने बेहतर स्वास्थ्य और जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की कहानी साझा की।
टीएमयू के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि रोबोटिक ज्वाइंट रिप्लेसमेंट तकनीक पारंपरिक सर्जरी की तुलना में अधिक सटीक, सुरक्षित और प्रभावी है। इससे मरीजों को कम दर्द, कम रक्तस्राव, तेजी से रिकवरी और बेहतर गतिशीलता का लाभ मिलता है।
इस अवसर पर मेडिकल सुपरिटेंडेंट मेजर जनरल डॉ. सी.के. जखमोला, डिप्टी एमएस डॉ. विनम्र तिवारी, ज्वाइंट रिप्लेसमेंट विभागाध्यक्ष डॉ. रवीन्द्र सिंह, ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. अमित सराफ, डॉ. मनमोहन शर्मा, डॉ. संजीव चिंचोली, हॉस्पिटल के चीफ मैनेजर वैभव जैन, चीफ मैनेजर (प्रशासन) अनिल गुप्ता, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. माधव शर्मा ने किया।