प्रभारी प्रधानाध्यापक बनने पर डॉ. केकी कृष्ण का पंचशील सामाजिक संस्था ने किया सम्मान

वैशाली (चौथी वाणी) हाजीपुर पंचशील सामाजिक संस्था द्वारा आज राज्य संपोषित बालिका उच्च विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक का दायित्व संभालने के शुभ अवसर पर प्रख्यात शिक्षाविद्, समाजसेवी एवं साहित्यकार डॉ. केकी कृष्ण का गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। संस्था की महिलाओं एवं पदाधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ, हरित पौधा एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल कार्यकाल की मंगलकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की अध्यक्ष सुनैना सिंह ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “डॉ. केकी कृष्ण शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व हैं। उन्होंने सदैव बालिका शिक्षा, संस्कार, साहित्य और सामाजिक जागरूकता को अपना जीवन समर्पित किया है। हमें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में विद्यालय नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा तथा शिक्षा की ज्योति और अधिक प्रखर होगी।”

संस्था की उपाध्यक्ष श्रीमती गीता क्याल ने कहा कि “एक सशक्त समाज का निर्माण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही संभव है। डॉ. केकी कृष्ण जैसी कर्मनिष्ठ शिक्षिका का नेतृत्व छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।” उपसचिव ममता सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा कि “डॉ. केकी कृष्ण का व्यक्तित्व सेवा, अनुशासन और संवेदनशीलता का सुंदर संगम है। उनका सम्मान वास्तव में शिक्षा और समाज सेवा के प्रति समर्पण का सम्मान है।”

इस अवसर पर सम्मान ग्रहण करते हुए डॉ. केकी कृष्ण ने कहा, “जीवन में मिलने वाली प्रत्येक जिम्मेदारी को कर्तव्य मानकर पूरी ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाना चाहिए। पद सम्मान का नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व का प्रतीक होता है।” उन्होंने पंचशील सामाजिक संस्था की सभी महिलाओं से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि वे अपने आसपास ऐसी बालिकाओं की पहचान करें जो किसी कारणवश विद्यालय नहीं जा रही हैं।

उन्हें विद्यालय से जोड़ना, उनके अभिभावकों को प्रेरित करना और शिक्षा के माध्यम से उनका भविष्य संवारने में सहयोग देना हम सबका सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि “जब हर बेटी शिक्षित होगी, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव होगा।”

कार्यक्रम में संस्था की सक्रिय सदस्य कुमुद दूबे, अरुणा श्रीवास्तव,सरोज मिश्रा, मीना सिंह,रेखा जायसवाल, शर्मिला सिंह,अनीता सोनीआदि महिला सदस्यों ने डॉ. केकी कृष्ण का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उनके सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ दीं।
समारोह का वातावरण आत्मीयता, सम्मान और शिक्षा के प्रति समर्पण की भावना से ओत-प्रोत रहा। अंत में सभी सदस्यों ने बालिका शिक्षा के व्यापक प्रसार तथा समाज में शैक्षणिक जागरूकता बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment