नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर सकारात्मक टिप्पणी की है। IMF के अनुसार, भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है और FY25 की तीसरी तिमाही तक यह जापान को पीछे छोड़ सकता है। इसके बाद, 2027 तक भारत जर्मनी को भी पीछे छोड़ने की स्थिति में होगा, जो वर्तमान में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।
IMF की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर दुनिया में सबसे तेज है और पिछले 10 वर्षों में यह दोगुनी हो चुकी है, इस दौरान यह 105 फीसदी तक बढ़ी है। 2015 में भारत की जीडीपी 2.1 ट्रिलियन डॉलर थी, जो अब बढ़कर 4.3 ट्रिलियन डॉलर हो गई है।
IMF के अनुसार, भारत की जीडीपी अब जापान के करीब पहुँच चुकी है। वर्तमान में भारत की जीडीपी 4.3 ट्रिलियन डॉलर है, जबकि जापान की जीडीपी 4.4 ट्रिलियन डॉलर है। अगर इसी गति से वृद्धि होती रही तो भारत जल्द ही जापान को पीछे छोड़ देगा। इसके अलावा, IMF ने अनुमान जताया है कि भारत, जापान को पछाड़ने के बाद 2027 तक जर्मनी को भी पीछे छोड़ देगा, जिसकी जीडीपी फिलहाल 4.9 ट्रिलियन डॉलर है।
पिछले एक दशक में भारत ने कई प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं से बेहतर जीडीपी वृद्धि दर दर्ज की है। इस दौरान, भारत ने चीन, संयुक्त राज्य अमेरिका और कई यूरोपीय देशों को पीछे छोड़ते हुए अपनी अर्थव्यवस्था का तेजी से विस्तार किया है। इस अवधि में, चीन की जीडीपी 76%, अमेरिका की 66%, जर्मनी की 44%, फ्रांस की 38% और ब्रिटेन की 28% की दर से बढ़ी है।