सहरसा में 3 पुलिसकर्मी निलंबित, निर्दोषों को फंसाने के आरोप में कार्रवाई

सहरसा में तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इन पर वर्दी का दुरुपयोग कर निर्दोष लोगों को झूठे मामलों में फंसाने का आरोप था। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद डीआईजी के आदेश पर यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, कोशी क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक द्वारा आयोजित जनता दरबार में एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में कनरिया थाना से जुड़े पुलिसकर्मियों पर गंभीर अनियमितता और साजिश के तहत कार्रवाई करने का आरोप लगाया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई गई।

जांच के दौरान सामने आया कि कनरिया थाना कांड संख्या 13/2026 में कुछ पुलिसकर्मियों ने मिलीभगत कर प्राथमिकी में बदलाव किया और निर्दोष लोगों को फंसाने का प्रयास किया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

निलंबित किए गए कर्मियों में पु0अनि0 अनिल प्रसाद, चौकीदार अनिल कुमार और चौकीदार दर्शन शामिल हैं, जो कनरिया थाना में तैनात थे। तीनों को निलंबित कर पुलिस केंद्र, सहरसा भेज दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कोशी क्षेत्र के डीआईजी ने सभी पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोहराई नहीं जानी चाहिए। उन्होंने दोहराया कि शून्य सहिष्णुता नीति के तहत दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment