पंजाब के अमृतसर में मंदिर पर हमला: धमाके से इलाके में दहशत

Attack on temple in Amritsar, Punjab: Explosion creates panic in the area

पंजाब के अमृतसर जिले में शुक्रवार (14 मार्च) की देर रात एक मंदिर पर हमले से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। अमृतसर के खंडवाला इलाके स्थित ठाकुरद्वारा मंदिर पर दो मोटरसाइकिल सवार अज्ञात युवकों ने ग्रेनेड से हमला किया। यह पूरी घटना मंदिर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, देर रात करीब साढ़े 12 बजे दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर मंदिर के बाहर पहुंचे। उनके हाथ में एक झंडा भी था। वे कुछ सेकंड के लिए मंदिर के बाहर रुके और फिर अचानक मंदिर की ओर कुछ फेंक दिया। जैसे ही वे वहां से भागे, कुछ ही पल में मंदिर में जोरदार धमाका हुआ।

घेराबंदी और जांच शुरू
धमाके के समय मंदिर के पुजारी वहां सो रहे थे, गनीमत रही कि इस हमले में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन धमाके से मंदिर को नुकसान हुआ और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और जांच शुरू कर दी। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने घटनास्थल का जायजा लिया।

‘पाकिस्तान का हाथ हो सकता है’
पुलिस कमिश्नर ने मीडिया से बातचीत में कहा, “इस हमले में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ हो सकता है। भोले-भाले युवाओं को गुमराह करके ऐसे हमलों के लिए उकसाया जा रहा है। हम जल्द ही आरोपियों को पकड़ेंगे और शहर का माहौल खराब नहीं होने देंगे।”

अकाली दल का बयान
अकाली दल के यूथ जिला प्रधान किरनप्रीत सिंह मोनू ने इस हमले को शर्मनाक और निंदनीय बताते हुए कहा, “पहले पुलिस चौकियों पर हमले हो रहे थे, और अब धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया जा रहा है। पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच रही है।”

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
इस हमले के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और हमलावरों की तलाश तेज कर दी है। पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन से लोगों की यह मांग है कि जल्द से जल्द हमलावरों को गिरफ्तार किया जाए और इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment