नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में संगठनात्मक चुनाव और नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने आज सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह बैठक सुबह 10 बजे शुरू हुई और करीब 1 घंटे तक चली।
पीएम आवास पर हुई हाई-लेवल मीटिंग
इससे पहले बुधवार को प्रधानमंत्री आवास पर एक अहम बैठक हुई, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी के साथ गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष शामिल हुए। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में भाजपा के संगठनात्मक फेरबदल और राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी सूत्रों का कहना है कि अध्यक्ष पद के चुनाव की घोषणा अगले एक सप्ताह के भीतर की जा सकती है।
नड्डा के आवास पर देर रात तक चली हाई-प्रोफाइल बैठक
बुधवार रात जेपी नड्डा के आवास पर भी एक हाई-प्रोफाइल बैठक हुई, जिसने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। इस बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और अश्विनी वैष्णव जैसे वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक करीब ढाई घंटे तक चली और इसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में केवल संगठनात्मक बदलाव ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा से जुड़े विषयों पर भी मंथन हुआ। अमित शाह और राजनाथ सिंह जैसे वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी इस ओर संकेत करती है कि भाजपा आने वाले समय में राष्ट्रीय और रणनीतिक नीतियों को लेकर भी कोई बड़ा कदम उठा सकती है।
भाजपा के भीतर इन बैठकों को लेकर जो गतिविधि देखी जा रही है, उससे साफ है कि पार्टी लोकसभा चुनाव 2024 के बाद अब संगठन में नए नेतृत्व की तैयारी कर रही है। देखना होगा कि भाजपा का अगला अध्यक्ष कौन बनता है – क्या कोई नया चेहरा सामने आता है या किसी वरिष्ठ नेता को यह जिम्मेदारी दी जाएगी।