टोरंटो: कनाडा के ओंटारियो प्रांत के हैमिल्टन शहर में एक दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय भारतीय छात्रा हरसिमरत रंधावा की गोली लगने से मौत हो गई। यह घटना बुधवार शाम करीब 7:30 बजे अपर जेम्स और साउथ बेंड रोड के पास उस वक्त हुई, जब हरसिमरत काम पर जाने के लिए बस स्टॉप पर खड़ी थी।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, एक काली कार से अचानक एक सफेद सेडान पर अंधाधुंध गोलियां चलाई गईं। इसी गोलीबारी में एक गोली हरसिमरत को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हरसिमरत पंजाब के तरनतारन जिले के गोइंदवाल साहिब की रहने वाली थी और हैमिल्टन के मोहॉक कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। टोरंटो स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने छात्रा की मौत पर गहरा दुख जताते हुए उसके परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
पुलिस ने बताया कि गोलीबारी के बाद आरोपी काली कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना की जांच जारी है और संदिग्धों की तलाश के लिए पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और डैशकैम फुटेज की मदद मांगी है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि हरसिमरत का इस गोलीबारी से कोई लेना-देना नहीं था और वह पूरी तरह निर्दोष थी। दुर्भाग्यवश, वह इस हिंसक वारदात का शिकार बन गई।