देश में त्योहारों का मौसम नजदीक है। ऐसे में बिहार से बाहर रहने वाले लोग अपने घर लौटने को लेकर उत्साहित हैं, लेकिन सबसे बड़ी परेशानी ट्रेन में टिकट को लेकर होती है। वेटिंग लिस्ट की लंबी कतार के कारण यात्रियों के पास सड़क मार्ग से सफर करने का ही विकल्प बचता है। हालांकि, पहले यह सफर महंगा पड़ता था, लेकिन अब राज्य सरकार ने इसे किफायती बना दिया है।
अब सस्ती बस यात्रा से लौट सकेंगे घर
छठ, दिवाली और दुर्गा पूजा जैसे बड़े त्योहारों के मद्देनजर बिहार सरकार ने देश के अलग-अलग राज्यों से चलने वाली बसों का किराया तय कर दिया है। इसके साथ ही बस टिकट की बुकिंग भी 1 सितंबर से शुरू हो चुकी है। खास बात यह है कि यात्रियों को अब सामान्य दिनों की तुलना में कम किराया देना होगा।
दिल्ली-पटना रूट पर एसी बस में सिर्फ ₹1254 में सफर
दिल्ली से पटना आने वाले यात्रियों को अब एसी स्लीपर बस के लिए मात्र ₹1254 किराया देना होगा, जबकि इसका वास्तविक किराया ₹1873 है। सरकार इसमें ₹619 की सब्सिडी दे रही है। इसी तरह नॉन-एसी बस का किराया सिर्फ ₹1133 तय किया गया है, जबकि पहले यह ₹1527 था।
एसी स्लीपर बस के किराये में भी सरकार ₹919 की छूट दे रही है। पहले इसका किराया ₹2812 था, अब यात्रियों को सिर्फ ₹1893 देना होगा।
भागलपुर-अंबाला रूट पर भी जबरदस्त छूट
भागलपुर से अंबाला जाने वाले यात्रियों को भी राहत दी गई है। एसी स्लीपर बस का किराया ₹3603 से घटाकर ₹2490 कर दिया गया है, यानी ₹1113 की सीधी छूट। वहीं, नॉन-एसी बस में ₹632 की छूट के साथ यात्री केवल ₹1490 में सफर कर सकते हैं।
20 सितंबर से 30 नवंबर तक मिलेंगी रियायती सेवाएं
राज्य सरकार की यह सुविधा 20 सितंबर से 30 नवंबर तक उपलब्ध होगी, जिससे दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे त्योहारों पर बड़ी संख्या में प्रवासी बिहारवासी सुरक्षित और सस्ती यात्रा कर सकेंगे।
यात्रा के लिए टिकट बुकिंग बीएसआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट https://bsrtc.bihar.gov.in
पर शुरू हो गई है। यात्री वहां से अपनी टिकट आसानी से बुक कर सकते हैं।
नोट: यह पहल न सिर्फ लोगों के लिए राहत लेकर आई है, बल्कि इससे ट्रेनों पर भी भीड़ का दबाव कम होगा।