नई दिल्ली: पुलवामा हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ एक और बड़ा कदम उठाया है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ के सोशल मीडिया अकाउंट को भारत में ब्लॉक कर दिया गया है। यह कदम उस वक्त उठाया गया जब आसिफ ने अपने बयान में परमाणु हथियारों की धमकी दी और कहा कि पाकिस्तान हाई अलर्ट पर है।
ख्वाजा आसिफ ने कहा था कि अगर पाकिस्तान के अस्तित्व को कोई सीधा खतरा होता है, तो वह परमाणु हथियारों के इस्तेमाल से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि भारत की तरफ से संभावित हमले को लेकर सेना ने सरकार को आगाह किया है। इस भड़काऊ बयान को गंभीरता से लेते हुए भारत सरकार ने उनके सोशल मीडिया अकाउंट को देश में बंद कर दिया।
यह कार्रवाई पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ लिए गए लगातार कड़े फैसलों की एक कड़ी है। इससे पहले, भारत सरकार ने गृह मंत्रालय की सिफारिश पर पाकिस्तान से जुड़े कई यूट्यूब चैनलों पर भी बैन लगाया था। ये चैनल भारत विरोधी दुष्प्रचार फैला रहे थे और सेना व सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ झूठी व भड़काऊ बातें प्रसारित कर रहे थे।
सरकार का कहना है कि ऐसे कंटेंट से देश की एकता, शांति और सुरक्षा को खतरा हो सकता है। भारत इस तरह की किसी भी साजिश के खिलाफ सख्ती से पेश आ रहा है।