कांग्रेस के पोस्टर पर बिफरी बीजेपी, लगाए मुस्लिम वोट बैंक साधने के आरोप

BJP angry over Congress' poster, accuses them of trying to woo Muslim vote bank

नई दिल्ली: एक ओर जहां पहलगाम आतंकी हमले को लेकर केंद्र सरकार में हाईलेवल बैठकें जारी हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी जंग भी तेज़ हो गई है। इस राजनीतिक खींचतान के बीच कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक विवादास्पद पोस्टर जारी किया है, जिसमें उनका सिर और हाथ-पैर गायब दिखाया गया है। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स (X) हैंडल से इस पोस्टर को शेयर करते हुए तंज कसा— “जिम्मेदारी के समय GAYAB”।

इस पोस्टर को लेकर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जो तरीका अपनाया है, वह केवल राजनीति नहीं बल्कि मुस्लिम वोट बैंक को लुभाने की कोशिश है। उन्होंने कहा, “यह पोस्टर ‘सर तन से जुदा’ जैसी मानसिकता को दर्शाता है और प्रधानमंत्री के खिलाफ एक तरह की छिपी हुई उकसावेबाज़ी है।”

बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस को तय करना चाहिए कि वह भारत के साथ है या पाकिस्तान के। सर्जिकल स्ट्राइक के समय भी कांग्रेस ने सेना की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए थे।” उन्होंने कहा कि यह कोई पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने ऐसा किया हो।

बीजेपी नेताओं का कहना है कि विपक्ष में बैठे कुछ लोगों की पाकिस्तानपरस्ती अब खुलकर सामने आ रही है। “भारत में रहकर भारत के खिलाफ बोलना इनकी क्या मजबूरी है?”—बीजेपी नेताओं ने यह सवाल उठाया।

वहीं कांग्रेस की ओर से प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने पलटवार करते हुए कहा, “देश के 75 साल के इतिहास में एकमात्र नरेंद्र मोदी ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो बिना बुलाए पाकिस्तान चले गए थे, और उसके बदले में भारत को पठानकोट हमला मिला।”

राजनीतिक तू-तू मैं-मैं के बीच आतंकी हमले जैसे गंभीर मुद्दे पर बयानबाज़ी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment