नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद अब कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने पाकिस्तान में घुसकर बदला लेने की धमकी दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक पोस्ट में गैंग ने लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद को निशाने पर लेने की बात कही है।
इस वायरल पोस्ट में लिखा गया है, “पहलगाम हमले में निर्दोष लोगों की हत्या का जवाब हम पाकिस्तान में घुसकर देंगे। हम एक ऐसा आदमी मारेंगे जो एक लाख के बराबर होगा।” पोस्ट के साथ हाफिज सईद की तस्वीर भी है, जिस पर क्रॉस (X) का निशान बना हुआ है। यह सीधा संकेत है कि बिश्नोई गैंग ने हाफिज सईद को टारगेट करने की धमकी दी है।
पोस्ट की विश्वसनीयता पर संदेह, लेकिन एजेंसियां सतर्क
हालांकि, इस पोस्ट की प्रामाणिकता की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह स्पष्ट नहीं है कि पोस्ट वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ही किया है या किसी और ने उनके नाम पर फैलाया है। बावजूद इसके, सोशल मीडिया पर यह तेजी से फैल रहा है और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग इससे पहले भी कई बार सोशल मीडिया पर अपनी गतिविधियों की जिम्मेदारी लेने और धमकी देने के लिए सुर्खियों में रहा है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले में कई निर्दोष नागरिकों की मौत के बाद अब इस तरह की धमकी सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मानी जा रही है।