रांची: 800 करोड़ के जीएसटी घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, झारखंड-बंगाल में नौ ठिकानों पर छापेमारी

Ranchi: ED takes big action in Rs 800 crore GST scam, raids nine locations in Jharkhand-Bengal

रांची: करीब 800 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार सुबह झारखंड और पश्चिम बंगाल में नौ ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। झारखंड में रांची के तीन और जमशेदपुर के एक स्थान पर कार्रवाई की गई है। छापेमारी के दौरान किसी भी अवांछित स्थिति से निपटने के लिए सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, झारखंड और बंगाल के कुछ कारोबारियों ने 14,325 करोड़ रुपए के फर्जी जीएसटी इनवॉइस तैयार कर 800 करोड़ रुपए से अधिक का इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) लिया। ईडी जिन कारोबारियों के परिसरों पर कार्रवाई कर रही है, उनमें शिवकुमार देवरा, सुमित गुप्ता, अमित गुप्ता और अन्य शामिल हैं। बंगाल में इस घोटाले को लेकर पहले भी छापे पड़े थे, लेकिन झारखंड में इस मामले में ईडी की यह पहली बड़ी कार्रवाई है।

आरोप है कि इन कारोबारियों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर व्यापारिक प्रतिष्ठान बनाए, फिर इनसे इनपुट टैक्स क्रेडिट का अनुचित लाभ लिया और बाद में इन संस्थानों को बंद कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि इस साल जनवरी में जीएसटी निदेशालय की अन्वेषण शाखा ने 100 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले में रामगढ़ के सारूबडेड़ा और धनबाद के झरिया में भी छापेमारी की थी। वहीं, जमशेदपुर और आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में 150 करोड़ के फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ था।

इस घोटाले में खाटू श्याम स्टील (जमशेदपुर), जैसुका आयरन एंड पावर, बाबा श्याम स्टील, श्री स्टील, विवान इंटरप्राइजेज, रिवाह रिसॉर्ट (NH-33), और मातेश्वरी इंजीनियरिंग (आदित्यपुर) जैसी कई कंपनियां जांच एजेंसियों के रडार पर हैं।

फिलहाल ईडी की ओर से इस कार्रवाई पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment