श्रीनगर: पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने कड़ा एक्शन लेते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में नौ आतंकी ठिकानों को मिसाइल हमलों से नेस्तनाबूद कर दिया। यह कार्रवाई भारतीय सेना और वायुसेना की एक संयुक्त सैन्य ऑपरेशन थी, जिसका निशाना बने लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के मुख्यालय – जिन्हें आतंकी सरगना हाफिज सईद और मसूद अजहर के मजबूत किले माने जाते हैं।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार इस ऑपरेशन में 70 से अधिक आतंकवादी मारे गए हैं। मारे गए आतंकियों में कई शीर्ष कमांडर शामिल बताए जा रहे हैं। मिसाइल हमलों को अत्याधुनिक तकनीक और सटीक इंटेलिजेंस के आधार पर अंजाम दिया गया।
ऑपरेशन की सफलता के बाद केंद्र सरकार ने एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है, जिसमें सभी राजनीतिक दलों को इस सैन्य कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी। बैठक में सीमा सुरक्षा, आतंकवाद के विरुद्ध भारत की रणनीति, और आगे की कार्रवाई पर भी चर्चा होगी।
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर देशभर में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और सीमा क्षेत्रों में सेना की तैनाती और निगरानी बढ़ा दी गई है।