नई दिल्ली: संसद का मॉनसून सत्र आज से शुरू हो गया है, लेकिन पहले ही दिन लोकसभा में भारी हंगामा देखने को मिला। सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया को संबोधित किया और इस दौरान हाल ही में सफल रहे ऑपरेशन सिंदूर का भी ज़िक्र किया।
लेकिन जैसे ही लोकसभा में प्रश्नकाल शुरू हुआ, विपक्षी सांसदों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। समाजवादी पार्टी के सांसद अपने स्थान से उठकर खड़े हो गए, जिस पर स्पीकर ओम बिड़ला ने सपा नेता अखिलेश यादव से अनुरोध किया कि वे अपने सांसदों को शांत करें। स्पीकर ने कहा, “अखिलेश जी, इनको बिठाइए…” साथ ही उन्होंने विपक्ष को भरोसा दिलाया कि सरकार प्रश्नकाल के बाद ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के लिए तैयार है और हर सवाल का जवाब देगी।
विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्ष की मांग है कि ऑपरेशन सिंदूर पर तुरंत चर्चा हो, जबकि स्पीकर ने स्पष्ट किया कि चर्चा नियमों के अनुसार प्रश्नकाल के बाद ही संभव होगी।
सत्र के पहले ही दिन सरकार और विपक्ष के बीच तनातनी का माहौल बन गया है, जिससे आने वाले दिनों में भी गरमा-गरमी की संभावना जताई जा रही है।