सीतामढ़ी: माता सीता की जन्मभूमि पवित्र पुनौरा धाम में भव्य मंदिर निर्माण की ऐतिहासिक पहल अब साकार रूप लेने जा रही है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने सीतामढ़ी पहुंचकर प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि 8 अगस्त को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह स्वयं मंदिर निर्माण का शिलान्यास करेंगे।
नित्यानंद राय ने कहा कि यह मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना, जन आस्था और रामायण कालीन विरासत का प्रतीक बनेगा। उन्होंने बताया कि माता जनकनंदिनी की जन्मभूमि पर यह भव्य मंदिर निर्माण सीताराम भक्तों के लिए आस्था, गौरव और उत्साह का विषय है।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश भर में धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने का जो अभियान चल रहा है, यह मंदिर उसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी होगा।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। नित्यानंद राय ने कहा कि यह अवसर केवल सीतामढ़ी के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव, श्रद्धा और संस्कृति के उत्सव जैसा होगा।
सीता मंदिर का निर्माण राम और सीता के भक्तों के लिए एक सुखद और ऐतिहासिक क्षण होगा, जो आने वाले समय में देश की सांस्कृतिक पहचान को और भी मजबूत करेगा।