देवघर (झारखंड)। मंगलवार सुबह झारखंड के देवघर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मोहनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोड्डा-देवघर मुख्य मार्ग पर जमुनिया मोड़ के पास एक तेज रफ्तार बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही 18 कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और मृतकों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद कांवड़ियों में मातम का माहौल है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर दुख व्यक्त किया है और पीड़ितों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
यह हादसा सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान हुआ, जब कांवड़िए बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर जा रहे थे। हादसे की वजह चालक की लापरवाही और तेज गति को बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।