मधेपुरा (बिहार): जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। विजय भगत के मकान में बने सेप्टिक टैंक की शटरिंग खोलते समय दम घुटने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसा उस वक्त हुआ जब मृतक मजदूर प्रमोद यादव (55 वर्ष) निवासी लालपट्टी वार्ड संख्या 1 और दिलीप चौहान (40 वर्ष) निवासी बुढ़ाबे, टैंक की शटरिंग खोलने के लिए नीचे उतरे। दोनों काफी देर तक बाहर नहीं निकले तो दो और मजदूर उन्हें देखने टैंक में उतरे, लेकिन वो भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से चारों मजदूरों को टैंक से बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्रमोद यादव और दिलीप चौहान को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी दो घायलों का इलाज मधेपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
सिंहेश्वर थानाध्यक्ष वीरेंद्र राम ने बताया कि यह हादसा सेप्टिक टैंक में दम घुटने के कारण हुआ है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है और घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के गांवों में शोक की लहर फैल गई है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। प्रशासन ने घटना स्थल की सुरक्षा और निर्माण कार्यों में सावधानी बरतने की अपील की है।