- लखीसराय जिले में कुल 113745 पेंशनधारी को ₹12.66 करोड़ की पेंशन राशि हस्तांतरित
- रिपोर्ट: सरफ़राज़ आलम
लखीसराय: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा 6 प्रकार के पेंशन योजनाओं के कुल 1.13 करोड़ पेंशनधारियों को पेंशन की कुल राशि लगभग 1263.95 करोड़ रूपये का डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरण किया गया है। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला मुख्यालय के मंत्रणा कक्ष में लाइव वेबकास्टिंग के माध्यम से किया गया। लखीसराय जिले में कुल 113745 पेंशनधारी को 12.66 करोड़ की पेंशन राशि हस्तांतरित की गई।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का उद्देश्य है कि राज्य के सभी वंचित और कमजोर वर्ग के लोगों को सामाजिक सुरक्षा के माध्यम से न केवल आर्थिक सहयोग दिया जाय, बल्कि उनके जीवन स्तर में सुधार हो। इसी सोच के तहत पेंशन की दर 400 रूपये प्रतिमाह से बढ़कर 1100 रुपये प्रतिमाह कर दी गई है। यह बढ़ोतरी सीधे लाभार्थियों के खाते में पहुंचाई जायेगी, जिससे उन्हें समय पर और पारदर्शी तरीके से राशि मिल सके।
जिला स्तर पर समाहरणालय मंत्रणा कक्ष, लखीसराय में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा उपस्थित सभी पेंशनधारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद किया गया तथा वहां उपस्थित पेंशनधारियों के द्वारा मुख्यमंत्री के इस ऐतिहासिक फैसला की सराहना की गई।

लाभुकों ने इस अवसर पर अपने अनुभव साझा किए और कहा की पहले मिलने वाली 400 रूपये की पेंशन राशि उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने में अपर्याप्त थी, लेकिन अब बढ़ी हुई राशि से उन्हें घर गृहस्थी चलाने में काफी मदद मिलेगी।उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बहुत-बहुत धन्यवाद और आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह फैसला उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लायेगा।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार,सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग नीना नेन्सी मुर्मू, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस वंदना पांडे एवं सामाजिक सुरक्षा कोषांग के कर्मीगण उपस्थित थे। उपस्थित सभी पेंशनधारियों द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया।