नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक अंतरराष्ट्रीय जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए नेपाल के 43 वर्षीय नागरिक प्रभात कुमार चौरसिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने और भारत की सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी जुटाने का गंभीर आरोप है।
पुलिस के अनुसार, चौरसिया ने अपने नाम पर भारत की प्रमुख मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों, एयरटेल और जियो, से 16 सिम कार्ड हासिल किए थे। इनमें से 11 सिम कार्ड का उपयोग पाकिस्तान के शहरों—लाहौर, बहावलपुर और अन्य—में व्हाट्सऐप के माध्यम से किया जा रहा था। ये सिम कार्ड नेपाल के रास्ते आईएसआई एजेंटों तक पहुंचाए गए थे।
स्पेशल सेल के अधिकारियों ने बताया कि इन व्हाट्सऐप नंबरों का इस्तेमाल भारतीय सेना के अधिकारियों से संपर्क करने और रक्षा-संबंधी संवेदनशील जानकारी इकट्ठा करने की कोशिशों में किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच से खुलासा हुआ है कि चौरसिया 2024 से आईएसआई के संपर्क में था और उसे अमेरिका का वीजा तथा पत्रकारिता करियर का लालच दिया गया था। उसके खिलाफ दिल्ली के पीएस स्पेशल सेल थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2)/152 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस जासूसी नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हो सकता है। साथ ही, पाकिस्तान और वहां मौजूद आईएसआई हैंडलर्स से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब भारत-पाकिस्तान संबंधों में तनाव बना हुआ है। हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उसकी भूमिका को उजागर करने में जुटा है।