कैमूर में खेल प्रतियोगिता के दौरान आचार संहिता उल्लंघन: बच्चों से हटवाए गए नीतीश की तस्वीर वाले टी-शर्ट

Code of conduct violation during sports competition in Kaimur: T-shirts with Nitish Kumar's picture removed from children

कैमूर: भभुआ स्थित जगजीवन मैदान में आयोजित जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला सामने आया है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों की घोषणा के बाद से पूरे राज्य में आचार संहिता लागू है, लेकिन इस आयोजन में कुछ बच्चे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहनकर पहुंचे। जैसे ही मीडिया ने इसकी तस्वीरें खींचीं, जिला प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्चों से टी-शर्ट उतरवा दिए। इस घटना ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

8 से 11 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12वीं तक के छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह में कैमूर के जिला पदाधिकारी सुनील कुमार और भभुआ के एसडीएम मौजूद थे। आयोजन के दौरान कुछ बच्चों द्वारा नीतीश कुमार की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहनने की घटना ने सभी का ध्यान खींचा। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि जब आचार संहिता लागू है, तो ऐसी टी-शर्ट पहनने की अनुमति कैसे दी गई? इसे सीधे तौर पर आचार संहिता का उल्लंघन माना जा रहा है।

शारीरिक शिक्षा विभाग के उपाधीक्षक ओम प्रकाश कुमार ने सफाई दी कि अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के बच्चों को इस तरह की टी-शर्ट पहनने की अनुमति नहीं थी। उन्होंने कहा, “कुछ स्कूलों के बच्चे गलती से ऐसी टी-शर्ट पहनकर आ गए थे, जिन्हें तुरंत हटवा दिया गया।”

हालांकि, सवाल बना हुआ है कि आचार संहिता के बावजूद ऐसी चूक कैसे हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है? निर्वाचन आयोग राजनीतिक प्रतीकों और तस्वीरों से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दे चुका है। यह घटना अब चर्चा का विषय बन गई है कि क्या यह महज प्रशासनिक लापरवाही थी या जानबूझकर किया गया उल्लंघन।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment