बिहार चुनाव: पहले चरण के मतदान से पहले आज शाम थमेगा प्रचार, 6 नवंबर को डाले जाएंगे वोट

Bihar Elections: Campaigning ends this evening ahead of the first phase of polling; votes will be cast on November 6.

पटना। बिहार में पहले चरण के विधानसभा चुनाव के लिए आज शाम 6 बजे प्रचार अभियान थम जाएगा। इसके बाद उम्मीदवार सिर्फ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर सकेंगे। इस चरण का मतदान 6 नवंबर को होना है।

चुनाव के अंतिम दिन राज्यभर में रैलियों और रोड शो की धूम है। महागठबंधन, एनडीए और अन्य दलों ने चुनावी रण में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत महिलाओं से संवाद करेंगे। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज औरंगाबाद में जनसभा को संबोधित करेंगे।
राजद नेता तेजस्वी यादव दिनभर में लगातार 17 चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गज नेता भी मैदान में हैं।

प्रचार शुरू करने से पहले तेजस्वी यादव ने पटना में घोषणा की कि यदि महागठबंधन की सरकार बनी तो किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली दी जाएगी और ‘माई-बहिन योजना’ के तहत 14 जनवरी (मकर संक्रांति) के दिन महिलाओं के खातों में एकमुश्त राशि भेजी जाएगी।

उधर, चुनाव आयोग के निर्देश पर नेपाल से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा को सील कर दिया गया है और सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है।

पहले चरण में 121 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा — जिनमें 102 सामान्य सीटें और 19 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटें शामिल हैं। इस चरण में कुल 1314 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1192 पुरुष और 122 महिलाएं शामिल हैं।

मतदान के दौरान 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1.98 करोड़ पुरुष, 1.76 करोड़ महिलाएं और 758 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

राज्यभर में 45,341 मतदान केंद्र बनाए गए हैं — जिनमें से 8,608 बूथ शहरी क्षेत्रों में और 36,733 बूथ ग्रामीण इलाकों में स्थित हैं। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment