समृद्धि यात्रा के तहत महुआ पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, योजनाओं की प्रगति का लिया जायजा

Chief Minister Nitish Kumar arrived in Mahua as part of his prosperity tour and reviewed the progress of various development schemes.

हाजीपुर: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को समृद्धि यात्रा के क्रम में वैशाली जिले के महुआ पहुंचे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने महुआ में वाया नदी के गाद उड़ाही कार्य का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभागीय योजनाओं से जुड़ी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने महुआ स्थित राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के ओपीडी और इमरजेंसी वार्ड का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय स्टार्टअप, इनोवेशन स्टॉल और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का बारीकी से जायजा लिया।

एक-एक स्टॉल पर जाकर ली योजनाओं की जानकारी
महुआ मेडिकल कॉलेज परिसर में लगे विभागीय स्टॉलों का मुख्यमंत्री ने स्वयं निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक स्टॉल पर जाकर अधिकारियों और कर्मियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। जिले के विभिन्न विभागों के स्टॉलों में बड़ी संख्या में जीविका दीदियां भी शामिल थीं। मुख्यमंत्री ने जीविका समूहों के कार्यों की सराहना की और उनसे संवाद कर उनके उत्पादों व गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

54 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास, 98 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन
समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 54 करोड़ रुपये की लागत से 25 योजनाओं का शिलान्यास किया, जबकि 98 करोड़ रुपये की लागत से 103 योजनाओं का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री के इस दौरे से विभागीय कर्मियों और जीविका दीदियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

जंदाहा पहुंचे मुख्यमंत्री, जनसंवाद कार्यक्रम में होंगे शामिल
इसी क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वैशाली जिले के जंदाहा प्रखंड स्थित बटेश्वर नाथ धाम परिसर पहुंचे। यहां जनता दल (यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा सहित अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री यहां आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंत्री लखेन्द्र रोशन, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, विधायक अवधेश सिंह, सिद्धार्थ पटेल, महेन्द्र राम सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्टी नेता उपस्थित रहे।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment