फरीदाबाद जेल में बंद आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Terrorist Abdul Rahman, imprisoned in Faridabad jail, has been murdered, raising questions about security arrangements.

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। जिले की जेल में बंद 20 वर्षीय आतंकी अब्दुल रहमान की रविवार रात हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि जेल के भीतर ही एक अन्य कैदी ने नुकीली वस्तु से उसके सिर पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह के अनुसार, हमले को अंजाम देने वाला आरोपी अरुण चौधरी है, जो कश्मीरी युवक बताया जा रहा है। घटना रविवार देर रात की है, जब अरुण ने अचानक अब्दुल रहमान पर हमला कर दिया। जेल प्रशासन को घटना की जानकारी मिलते ही अफरा-तफरी मच गई।

गौरतलब है कि आतंकी अब्दुल रहमान को 2 मार्च 2025 को पाली गांव के पास से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के समय उसके पास दो हैंड ग्रेनेड बरामद हुए थे। जांच में सामने आया था कि वह अयोध्या में बड़े धमाके की साजिश रच रहा था। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिल्कीपुर का रहने वाला अब्दुल रहमान राम मंदिर से जुड़ी संवेदनशील जानकारियों वाले कुछ वीडियो भी अपने पास रखे हुए था। खतरे को देखते हुए एसटीएफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया था और बरामद दोनों हैंड ग्रेनेड को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया गया था।

वहीं, अब्दुल रहमान की हत्या करने वाला आरोपी अरुण चौधरी पहले जम्मू-कश्मीर की एक जेल में बंद था, जिसे बाद में फरीदाबाद जेल में शिफ्ट किया गया था। वह भी हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया था। कड़ी सुरक्षा के बावजूद जेल के भीतर हुई इस हत्या ने पूरी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जेल में बंद अन्य कैदियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमलावर को किसी तरह की मदद मिली थी या नहीं। इस वारदात के बाद फरीदाबाद जिले में हड़कंप मच गया है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment