नई दिल्ली: National Testing Agency ने **NEET UG> 2026 के आवेदन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 11 मार्च 2026 कर दी है। जो अभ्यर्थी किसी कारणवश निर्धारित समय सीमा में आवेदन नहीं कर सके थे, वे अब बढ़ी हुई तिथि तक आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
एजेंसी के अनुसार अभ्यर्थी 11 मार्च रात 11 बजकर 50 मिनट तक आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे। उम्मीदवार केवल ऑनलाइन माध्यम से ही आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर फॉर्म भरना होगा। किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 1700 रुपये जमा करने होंगे। वहीं जनरल ईडब्ल्यूएस और ओबीसी (एनसीएल) वर्ग के लिए शुल्क 1600 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और थर्ड जेंडर अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 1000 रुपये रखा गया है। भारत के बाहर परीक्षा केंद्र चुनने वाले उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 9500 रुपये निर्धारित किया गया है।
घर बैठे कर सकते हैं आवेदन
छात्र अपने घर से ही ऑनलाइन माध्यम से आसानी से आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा और मांगी गई सभी जानकारी भरकर फॉर्म पूरा करना होगा। इसके बाद श्रेणी के अनुसार निर्धारित शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करना होगा।
अंत में आवेदन पत्र का प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रखना जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी भी जरूरत के समय उसका उपयोग किया जा सके।