पटना। Nitish Kumar के बेटे और जदयू नेता Nishant Kumar ने जल्द ही बिहार के सभी 38 जिलों का दौरा करने का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि लोगों के बीच जाकर संवाद करने और संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के लिए कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है।
निशांत कुमार ने कहा कि वह पूरे राज्य में भ्रमण कर जनता से सीधे संवाद करेंगे और विभिन्न जिलों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे। इस दौरान जब पत्रकारों ने उनसे यह सवाल किया कि जदयू के कुछ विधायक उन्हें मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग कर रहे हैं, तो उन्होंने इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। सवाल सुनकर वह सिर्फ मुस्कुरा दिए और इस विषय पर कुछ भी कहने से बचते नजर आए।
इस दौरान निशांत कुमार ने India national cricket team को जीत के लिए बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है और उम्मीद है कि आगे भी जीत का सिलसिला जारी रहेगा।
दरअसल, निशांत कुमार पटना के कंकड़बाग स्थित अपनी मां Manju Singh के स्मृति पार्क पहुंचे थे, जहां उन्होंने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उनके परिवार के कई सदस्य भी मौजूद रहे।
भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी मां की बहुत याद आती है। अगर उनकी मां आज होतीं तो उन्हें और अच्छा लगता, लेकिन उनका आशीर्वाद हमेशा उनके साथ है।