पटना: नीतीश कुमार राज्यसभा चुनाव जीतकर संसद के उच्च सदन के लिए निर्वाचित हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, वे आने वाले कुछ दिनों में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। उनके राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
राज्यसभा चुनाव में जीत के बाद जनता दल यूनाइटेड के कई नेताओं ने उनसे मुलाकात कर बधाई दी। इसी क्रम में पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अरविंद निषाद ने 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
अरविंद निषाद ने कहा कि नीतीश कुमार देश के उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने चारों सदनों—लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद—की सदस्यता हासिल की है। यह उनके लंबे और अनुभवपूर्ण राजनीतिक जीवन का प्रमाण है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्यसभा सांसद के रूप में नीतीश कुमार राष्ट्रीय स्तर पर अपने अनुभवों का उपयोग करते हुए बिहार समेत पूरे देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।