पटना यूनिवर्सिटी और पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी में UG एडमिशन प्रक्रिया शुरू, समर्थ पोर्टल से होगा दाखिला

UG Admission Process Begins at Patna University and Patliputra University; Admissions to be Conducted via the Samarth Portal.

पटना- Patna University और Patliputra University में स्नातक (यूजी) सत्र 2026-30 में नामांकन की प्रक्रिया इस सप्ताह से शुरू होने जा रही है। दोनों विश्वविद्यालयों ने ऑनलाइन आवेदन की तैयारी पूरी कर ली है। इस बार राज्य सरकार के निर्देश के तहत पूरी एडमिशन प्रक्रिया केवल ‘समर्थ पोर्टल’ के माध्यम से संचालित की जाएगी।

नई व्यवस्था के तहत छात्रों को एक ही प्लेटफॉर्म पर आवेदन, कॉलेज चयन, मेरिट लिस्ट और सीट आवंटन जैसी सभी सुविधाएं मिलेंगी। इससे दाखिला प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक आसान और पारदर्शी होने की उम्मीद है।

10 मई से आवेदन लेगा पटना यूनिवर्सिटी
पटना यूनिवर्सिटी में स्नातक दाखिले के लिए समर्थ पोर्टल 9 मई से सक्रिय कर दिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक छात्र 10 मई से 30 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। विश्वविद्यालय ने सभी कॉलेजों और विभागों की जानकारी पोर्टल पर अपलोड कर दी है, जिसमें विषयवार सीटों का पूरा विवरण भी शामिल है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार पोर्टल पर आरक्षण व्यवस्था के मुताबिक सीटों की जानकारी अलग-अलग उपलब्ध रहेगी, ताकि छात्रों को कॉलेज और विषय चुनने में आसानी हो। पीयू के डीन छात्र कल्याण प्रो. कमलेश्वर पंडित ने बताया कि समर्थ पोर्टल का लिंक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।

इस बार पटना यूनिवर्सिटी में स्नातक स्तर पर करीब 4200 सीटों पर दाखिला लिया जाएगा। विश्वविद्यालय के विभिन्न प्रतिष्ठित कॉलेजों में कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के तहत नामांकन होंगे।

पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में बढ़ीं सीटें
वहीं Patliputra University में ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 मई से शुरू होगी। हालांकि आवेदन की अंतिम तिथि अभी घोषित नहीं की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने जल्द विस्तृत शेड्यूल जारी करने की बात कही है।

इस बार पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में सीटों की संख्या में बड़ा इजाफा किया गया है। पहले जहां करीब 1.10 लाख सीटों पर दाखिला होता था, वहीं 16 नए कॉलेजों के जुड़ने से कुल सीटें बढ़कर लगभग सवा लाख हो गई हैं।

पीपीयू के कुलसचिव अबू बकर रिजवी ने बताया कि नए कॉलेजों के शामिल होने से छात्रों को अपने नजदीकी संस्थानों में दाखिला लेने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि समर्थ पोर्टल के जरिए पूरी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सरल बनाया गया है।

छात्रों के लिए जरूरी निर्देश
विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को सलाह दी है कि आवेदन के दौरान जरूरी दस्तावेज, सक्रिय मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी तैयार रखें, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

राज्य सरकार ने इस बार सभी विश्वविद्यालयों में स्नातक नामांकन के लिए समर्थ पोर्टल को अनिवार्य कर दिया है। इसका उद्देश्य एडमिशन प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाना है, ताकि छात्रों को बार-बार कॉलेजों के चक्कर न लगाने पड़ें और मेरिट लिस्ट से लेकर एडमिशन तक की पूरी जानकारी ऑनलाइन मिल सके।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment