नई दिल्ली- तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर बना राजनीतिक गतिरोध अब गंभीर रूप लेता दिखाई दे रहा है। चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी टीवीके अब तक बहुमत का आंकड़ा नहीं जुटा सकी है, जिससे राज्य में नई सरकार के गठन को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इसी बीच अभिनेता से नेता बने थलपति विजय के संभावित शपथ ग्रहण समारोह को फिलहाल टाल दिया गया है।
राजनीतिक असमंजस के बीच विजय समर्थकों में बेचैनी बढ़ती जा रही है। शनिवार को तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां विजय के एक समर्थक ने कथित तौर पर आत्मदाह करने की कोशिश की। आग से गंभीर रूप से झुलसे युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
विजय के सीएम बनने में देरी से परेशान था समर्थक
स्थानीय लोगों के मुताबिक घायल युवक टीवीके का कट्टर समर्थक है और सरकार गठन में हो रही देरी से काफी आहत था। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी वह विजय के समर्थन में अलग-अलग तरीके से प्रदर्शन कर चुका था। कुछ महीने पहले उसने विजय के मुख्यमंत्री बनने की कामना को लेकर धार्मिक अनुष्ठान भी किया था, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं।
नेताओं ने की शांति बनाए रखने की अपील
तमिलनाडु में बढ़ते राजनीतिक तनाव को देखते हुए कई नेताओं ने चिंता जताई है। भाजपा नेता तमिलिसाई सौंदरराजन ने विजय से अपील की है कि वे अपने समर्थकों से संयम बनाए रखने की अपील करें।
उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों को लेकर लोगों की भावनाएं जुड़ी हो सकती हैं, लेकिन हिंसा या आत्मघाती कदम किसी भी स्थिति में उचित नहीं हैं। तमिलिसाई ने कहा कि राज्य का राजनीतिक माहौल संवेदनशील बना हुआ है और सभी दलों व समर्थकों को शांति बनाए रखनी चाहिए।
तमिलनाडु में बढ़ी राजनीतिक हलचल
सरकार गठन में हो रही देरी के चलते तमिलनाडु में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। टीवीके लगातार अन्य दलों से समर्थन जुटाने में लगी हुई है, जबकि विपक्षी दल भी अपनी रणनीति मजबूत करने में जुटे हैं। राज्य के कुछ इलाकों से समर्थकों के बीच तनाव और झड़पों की खबरें भी सामने आ रही हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि जल्द ही सत्ता गठन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई, तो तमिलनाडु में राजनीतिक अस्थिरता और बढ़ सकती है।