उत्तर प्रदेश से सटे भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में डीजल तस्करी के एक मामले में नेपाल पुलिस ने एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नेपाल के कैलाली जिला में गुरुवार शाम गश्ती अभियान के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार, कैलाली जिले की गश्ती टीम सूडा बाजार से खेदाघाट क्षेत्र तक नियमित जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान भारत से नेपाल की ओर जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। जांच में उसके पास से बड़ी मात्रा में अवैध डीजल बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उमेश गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि बरामद डीजल की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 58 हजार रुपये है। साथ ही आरोपी की बाइक भी जब्त कर ली गई है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर तस्करी में किया जा रहा था।
जिला पुलिस कार्यालय कैलाली के अधिकारियों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से सीमावर्ती इलाकों के जरिए ईंधन तस्करी में शामिल हो सकता है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की जांच में जुटी हुई है।
सीमा क्षेत्र में लगातार सामने आ रहे तस्करी के मामलों को देखते हुए नेपाल पुलिस ने निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिए हैं। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।