बिहार में अगले 5 साल में होगी 1 लाख शिक्षकों की बहाली, हर साल जारी होगा नोटिफिकेशन

100,000 Teachers to be Recruited in Bihar Over the Next 5 Years; Notifications to be Issued Annually

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर कई बड़े ऐलान किए।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि बिहार में अगले पांच वर्षों के भीतर एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके तहत हर साल लगभग 20 हजार शिक्षकों की बहाली होगी और प्रत्येक वर्ष जुलाई महीने में नियुक्ति संबंधी विज्ञापन जारी किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि महिला शिक्षकों की तैनाती यथासंभव उनके गृह पंचायत या उससे सटे पंचायत में की जाएगी, जबकि पुरुष शिक्षकों का स्थानांतरण उनके गृह प्रखंड के आसपास किया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग को पारदर्शी और सुगम स्थानांतरण नीति तैयार करने का निर्देश दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए कि सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राओं को जीविका समूहों के माध्यम से समय पर पोशाक उपलब्ध कराई जाए। इससे न केवल पोशाक की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित होगी, बल्कि महिला स्वावलंबन को भी बढ़ावा मिलेगा।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि राज्य के सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment